जैन समाज की बैठक में शामिल समाज के लोग। संवाद
- फोटो : samvad
जैन समाज के लोगों की बैठक शनिवार को श्री जैन नवयुवक सभा के अध्यक्ष उमाशंकर जैन की अध्यक्षता में रामलीला मैदान में हुई। समाज के लोगों ने कर्नाटक में जैन मुनि की हत्या की घटना पर आक्रोश जताया। समाज के लोगों ने निर्णय लिया कि 17 जुलाई को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि कर्नाटक के बेलगांव में 108 दिगंबर जैन आचार्य काम कुमार नंदी जी महाराज का अपहरण कर उनकी जघन्य तरीके से हत्या कर दी गई। हमले की यह पहली घटना नहीं है। कर्नाटक सरकार की लापरवाही से पहले भी जैन मुनियों पर हमला हो चुका है। केंद्र सरकार को इन घटनाओं को गंभीरता से लेना चाहिए।
देश में जगह-जगह हमले की घटनाओं के साथ जैन तीर्थों पर अवैध कब्जे सरकार के संरक्षण में हो रहे हैं। यदि देश भर के जैन मुनि व समाज के लोग सड़कों पर आए तो प्रधानमंत्री के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। उन्होंने कर्नाटक सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। जैन धर्म में अहिंसा सर्वश्रेष्ठ है। इसका मतलब सरकार ये न समझे कि जैन धर्म के अनुयायी इस जघन्य हत्याकांड को लेकर चुप बैठ जाएंगे। वक्ताओं ने विहार के समय मुनियों को सुरक्षा देने की मांग की।
अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने कहा कि प्रदर्शन से पूर्व समाज के लोग मौन जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुचेंगे। संचालन कमलेश जैन लाल वाला ने किया। मंत्री सुधीर जैन, महामंत्री संजीव जैन भूरा, नयागंज श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष संदीप जैन, प्रबंधक अनिल जैन, गुड्डू, राकेश जैन, धन्य कुमार जैन सोगानी, अतिशय क्षेत्र नयावास चंद्र प्रभु भगवान मंदिर प्रबंध समति के अध्यक्ष मुकेश जैन आदि मौजूद रहे।