संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
किसानों के लिए राहत भरी खबर है। जिले के क्रय केंद्रों पर 1925 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की खरीद होगी। 54 क्रय केंद्रों की मदद से 57 हजार नौ सौ मीट्रिक टन गेहूं के लक्ष्य को पाने की कोशिश होगी। जिला खाद्य एवं विपणन विभाग गेहूं खरीद की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। बुधवार से गेहूं खरीद शुरू होगी।
उल्लेखनीय है कि शासन गेहूं खरीद को लेकर सतर्क है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य में छूट प्रदान की गई। अब 15 अप्रैल से विभिन्न एजेंसियों के 54 क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू होगी। सोमवार को क्रय केंद्रों पर बोरे, छटना, पैकिंग मशीन आदि पहुंचाने का कार्य किया गया। इस बार खास बात यह है कि किसानों के खाते में गेहूं खरीद का भुगतान पीएफएमस से होगा। क्रय केंद्र के प्रभारी किसान की फाइल बनाकर सीधे जिला खाद्य एवं विपणन कार्यालय में जमा करेेंगे। सीधे शासन स्तर से किसान के खाते में भुगतान होगा। इस मामले में डिप्टी आरएमओ राजेश कुमार का कहना है कि 54 क्रय केंद्रों की मदद से 57 हजार नौ सौ मीट्रिक टन गेहूं की खरीद होगी। इस बार 1925 रुपये का रेट तय किया गया है। पीएफएमएस के जरिए भुगतान होगा।