नगर के रेलवे स्टेशन के सामने कृष्ण विहार कॉलोनी की नाली टूटने से सड़कों पर जलभराव हो गया है। इस कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ले वालों के अनुसार यह नाली रेलवे ने एक निर्माण कार्य के दौरान तोड़ दी थी। मोहल्ले वालों ने नगर पालिका से इसका निर्माण कराने की मांग की है।
मोहल्ला निवासी पप्पू, रामबाबू, हरिओम, गोपाल, विनीत, सुखवीर, नारायण ने बताया कि यह नाली नगर पालिका द्वारा बनवाई गई थी। इसके माध्यम से नगर के मोहल्ले का पूरा पानी बाहर जा रहा था। नवंबर माह में रेलवे के एक निर्माण के दौरान यह नाल टूट गई। बताया गया कि यह नाला रेलवे ने तोड़ा है। जब से नाला टूटा है, तब से मोहल्ले में जलभराव प्रारंभ हो गया है।
रात में निकलने पर लोग इसमें गिरकर घायल हो रहे हैं। मोहल्ले के सफाई नायक सलीम ने बताया कि नगर पालिका नाला बनाने के लिए तैयार है, लेकिन पीछे से जो गंदा नाला आ रहा है, उसपर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है और इस नाली को इसमें मिलने नहीं दे रहे। नगर पालिका अध्यक्ष मुशीर अहमद का कहना है कि वह स्वयं मौके पर जाकर समस्या का समाधान कराएंगे।