जलेसर रोड पर गंदगी और जलभराव की समस्या लोगों के लिए नासूर बन गई है। मुख्य मार्ग पर जलभराव से राहगीर ही नहीं, बल्कि आसपास के दुकानदारों का जीना दुश्वार हो चुका है। नगर पालिका परिषद में कई बार अधिकारियों से शिकायतें भी की गई हैं।
स्थानीय लोगों ने पुतला दहन, प्रदर्शन के अलावा राजमार्ग भी जाम किया है। अधिकारी मौके पर भी पहुंचते हैं, लेकिन आश्वासन देने के अलावा कुछ नहीं होता है। नाला चौड़ीकरण होना था, लेकिन वह भी एक साल बीतने के बाद भी नहीं हुआ।
लोगों का कहना था कि गंदे पानी में आए-दिन वाहन फिसल जाते हैं। गंदे पानी के छीटें उड़ने हैं तो दुकान पर रखा सामान भी खराब हो जाता है। रात्रि के समय सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति भारी रोष बना हुआ है।
यहां हर समय कीचड़ और गंदा पानी भरा रहता है। गंदे पानी में होकर गुजरना पड़ रहा है। नगर पालिका में कोई सुनने वाला नहीं है।
-कालीचरन, जलेसर रोड
रात के अंधेरे में सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है। अक्सर वाहन चालक फिसल कर चुटैल भी हो जाते हैं। समस्या का समाधान नहीं हो रहा।
-जवाहर सिंह, जलेसर रोड
गंदगी, जलभराव को लेकर कई बार प्रदर्शन किए गए और पुतले फूंके गए हैं, लेकिन नगर पालिका ने कोई सुध नहीं ली। समस्या को लेकर सभी में रोष है।
-प्रताप सिंह, जलेसर रोड
जलेसर रोड पर जल्द ही चौड़े नाले का निर्माण किया जाना है। इस नाले को मुरसान गेट स्थित सीवरेज पंप से मिलाया जाएगा, जिसके बाद ही इस समस्या का स्थायी रूप से समाधान हो सकेगा।
-डौली माहौर, चेयरमैन हाथरस