शहर के कंचन नगर क्षेत्र में तीन महीने से जलभराव है, जिससे स्थानीय लोग और दुकानदार परेशान हैं। आगरा रोड स्थित इस मोहल्ले में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़कों पर गंदा पानी भरा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सरस्वती डिग्री कॉलेज वाली गली के नाले में गंदगी जमा हो जाने से जलनिकासी बाधित हो गई है। कई बार सफाई की मांग के बावजूद समस्या जस की तस है। कुछ दिन के लिए वहां ट्रॉली से पानी निकालने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन इसके बाद से जलभराव की समस्या बरकरार है। लोगों का कहना है कि नाले की सफाई हो तो समस्या हल हो जाएगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर पालिका परिषद के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन नाले की सफाई नहीं कराई गई। हाल ही में 27 अप्रैल को भी ईओ को शिकायत की गई थी। तहसील दिवस में भी डीएम को समस्या से अवगत कराया गया। ईओ नगर पालिका रोहित सिंह का कहना है कि समस्या का निस्तारण कराया जा रहा है।
दुकान के सामने हमेशा गंदा पानी भरा रहता है, जिससे ग्राहकों का आना कम हो गया है। बदबू के कारण बैठना भी मुश्किल है।
-ओमप्रकाश, दुकानदार।
हम लोग कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। व्यापार पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है।
-गोविंद प्रसाद, दुकानदार।
घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। गंदगी में वाहन के सहारे ही निकला जा सकता है।
-कार्तिक खंडेलवाल, स्थानीय निवासी।
नगर पालिका के ईओ और तहसील दिवस में डीएम को भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मंदिर के आगे भी पानी भरा है।
-एडी सिंह, स्थानीय निवासी।