चुनाव आयोग के चाबुक से पूरे पुलिस महकमे में त्राहि-त्राहि मची हुई है।
आयेाग के तीन साल से जमे इंस्पेक्टराें को हटाने और 70 फीसदी थानों में इंस्पेक्टर नियुक्त किए जाने के आदेश के बाद से जिले में बड़े पैमाने पर बदलाव होने जा रहा है।
प्रमोशन के बाद सब इंस्पेक्टर से इंस्पेक्टर बने पुलिसकर्मियों का तबादला तो पहले ही शासन कर चुका था। अब थानों में जमे इंस्पेक्टरों की बारी है। आयोग के आदेश की चपेट में जिले के कई इंस्पेक्टर आए हैं। जिले के थानों में तैनात इंस्पेक्टरों का तबादला कर दिया गया है। सदर कोतवाल मनेाज शर्मा का कासगंज और चंदपा इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार भारती का अलीगढ़ तबादला हो गया है।
अलीगढ़ से चार इंस्पेक्टरों का तबादला हाथरस किया गया है। इनमें इंस्पेक्टर इगलास राजवीर सिंह, इंस्पेक्टर खैर राजवीर सिंह, क्राइम ब्रांच से मोहम्मद फैज, चुनाव कार्यालय से अशोक शर्मा शामिल हैं। वहीं कोतवाली अलीगढ़ से सूर्यकांत द्विवेदी को भी यहां भेजा गया है। द्विवेदी पहले भी यहां सादाबाद कोतवाली के प्रभारी रहे हैं।
आयोग के आदेश के बाद से जुगाड़कर थानों में चार्ज लेने वाले दरोगाओं के लिए भी मुश्किल खड़ी हो गई है। आयोग के आदेश के बाद हाथरस गेट, सादाबाद, सिकंदराराऊ, सासनी और मुरसान में तैनात एसओ को जल्द ही बदला जाएगा। सभी जगह इंस्पेक्टरों की तैनाती होगी।
केवल सहपऊ, हसायन और चंदपा में ही सब इंस्पेक्टर थाने का चार्ज संभालेंगे। इस संबंध में एसपी केशव चौधरी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशों के मुताबिक ही 70 फीसदी थानों में इंस्पेक्टरों की तैनाती की जाएगी। वहीं जिले में तीन साल से जमे इंस्पेक्टरों का तबादला कर दिया गया है।