सरस्वती इंटर कॉलेज में एसआईआर के शिविर में लगी भीड़
- फोटो : संवाद
एसआईआर अभियान एक नजर
- कुल मतदाता - 9,73,909
- मैपिंग न होने के कारण जारी हुए नोटिस-1.22 लाख
- अभियान के तहत नोटिस के बाद हुई सुनवाई- 65 हजार
- मैपिंग पूर्ण करने वाले मतदाता-35 से 40 हजार
- 22 फरवरी को एकत्रित किए गए फॉर्म-6 -4200
दिन भर घूमते रहे डीएम, खुद भरवाए फॉर्म-6
विशेष अभियान दिवस को सफल बनाने के लिए डीएम अतुल वत्स खुद दिन भर बूथों पर घूमते रहे। उन्होंने बूथों पर उपस्थित नए मतदाताओं से स्वयं फॉर्म-6 भरवाया और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के महत्व की जानकारी दी। डीएम ने प्राथमिक विद्यालय दयालपुर, विकासखंड मुरसान स्थित बूथ संख्या 61 का निरीक्षण किया। यहां बीएलओ खुशबू सिंह ने बताया कि 41 फॉर्म-6 ऑनलाइन जमा किए जा चुके हैं। डीएम ने पंजिका का अवलोकन कर अभिलेखों की स्थिति संतोषजनक पाए जाने पर कार्य की सराहना की।
इसके बाद जीएसएएस उच्च माध्यमिक विद्यालय मुरसान के बूथ संख्या 22, 23 व 24 का निरीक्षण किया गया। संबंधित बीएलओ ने क्रमशः 61, 75 एवं 121 फॉर्म-06 ऑनलाइन भरे जाने की जानकारी दी। बूथ संख्या-24 पर डीएम ने नए मतदाताओं से स्वयं फॉर्म भरवाया और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र नागरिकों का नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाना है।
आठ बीएलओ मिले गैरहाजिर, वेतन रोकने के निर्देश
एसडीएम सादाबाद मनीष चौधरी और बीईओ सुल्तान अहमद ने रविवार को मतदेय स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान भाग संख्या-384 के बीएलओ हीरेंन्द्र सिंह, भाग संख्या-361 के बीएलओ लक्ष्मण सिंह, भाग संख्या-368 के बीएलओ सतीश चंद्र, 369 के बीएलओ दीपक गर्ग, 370 की बीएलओ माधवी रानी, 371 के बीएलओ जितेंद्र मोहन, 372 के बीएलओ अशोक चंद्र शर्मा और भाग संख्या-373 की बीएलओ शिवा शर्मा बूथ से अनुपस्थित पाए गए। एसडीएम ने कहा है कि जो भी बीएलओ अनुपस्थित पाए गए हैं उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
सासनी में एसडीएम ने किया बूथों का निरीक्षण
एसडीएम नीरज शर्मा ने क्षेत्र के 12 बूथों का निरीक्षण किया। एसडीएम ने रुहेरी, दयानतपुर, बरसे, केएल जैन इंटर कॉलेज, कन्या इंटर कॉलेज, बिघैपुर में बूथों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीएलओ, सुपरवाइजर कार्य करते हुए पाए गए। उन्होंने बूथों पर आए लोगों को जानकारी दी। बताया कि मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। सभी दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद छह मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इस दौरान एसडीएम ने क्षेत्रीय लोगों से फॉर्म-6 भरने की अपील भी की।