मामूली विवाद पर हुई मारपीट और पथराव के बाद कस्बे में सांप्रदायिक तनाव फैल गया। यह घटना गुरुवार की देर रात को मोहर्रम के जुलूस के दौरान हुई। मारपीट के बाद हुए पथराव से वहां भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। भागती भीड़ ने दुकानों के तख्त पलट दिए। धर्मस्थल की किबाड़ें उखाड़ दीं और बंद दुकानों के शटरों पर भी पत्थर मारे। खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। बंद मकानों पर भी पत्थर बरसाए गए। इस घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। एक पक्ष ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे पक्ष की तरफ से भी तहरीर दे दी गई है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और पीएसी ने कस्बे में फ्लैग मार्च भी किया।
नगर के मोहल्ला गौसगंज से गुरुवार की रात को अलमों का जुलूस ढोल-नगाड़ों के साथ शुरू हुआ। बताते हैं कि इस बीच एक समुदाय के कुछ युवकों ने जुलूस के आगे चल रहे ढोल को छीनने का प्रयास किया। इसी बात पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते पथराव होने लगा, जिससे वहां भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। एक पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवकों ने अलम और छड़ों के ऊपर लगे नोट और चांदी का सामान भी लूट लिया। इसके बाद वहां हालात बेकाबू हो गए।
काफी देर तक भीड़ का उत्पात जारी रहा और टैगोर इंटरनेशनल स्कूल के गेट पर पत्थर मारे गए। एक खड़ी कार से शीशे भी तोड़ दिए गए। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने बमुश्किल खुद को पत्थरों से बचाया। सूचना पर काफी पुलिस और पीएसी मौके पर पहुंच गई और बमुश्किल हालात को काबू किया, अन्यथा मामला रात में काफी बिगड़ सकता था। एक पक्ष ने अलम से दस हजार रुपये और आधा किलो चांदी का सामान लूटने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरे पक्ष का आरोप है कि दिन में हुए झगड़े का बदला लेने के लिए ड्रामा रचा गया।
सुबह क्षतिग्रस्त धर्मस्थल पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई और घटना का विरोध शुरू कर दिया। कुछ युवकों ने विरोध में नगर का बाजार बंद कराना चाहा, लेकिन पुलिस ने इसे विफल कर दिया। कोतवाली पर दूसरे पक्ष ने भी तहरीर दी है। तनाव को देखते हुए कस्बे में जगह-जगह पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई हे। पूरे दिन नगर में अफवाहों का बाजार गर्म रहा। हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
बयान
पत्थर फेंकने के विवाद को लेकर दो पक्षों में तनाव की बात सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। माहौल शांतिपूर्ण है और हालात काबू में हैं।
-डॉ. एस. चन्नप्पा, एसपी हाथरस