संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए भले ही शासन प्रशासन की तरफ से कोरोना कर्फ्यू लगाया गया हो, लेकिन इसका पालन होता नहीं दिख रहा है। हाल यह है कि बाजारों में बेतहाशा भीड़ हो रही है। संक्रमण को मात देने के लिए जहां नागरिक लापरवाही कर रहे हैं और सड़कों पर उमड़ रहे हैं, वहीं प्रशासन भी कोरोना कर्फ्यू को लेकर सजग नहीं दिख रहा है। मंगलवार को नगर के मुख्य बाजारों में सामान्य दिनों जैसी भीड़ देखने को मिली। कहीं भी कोरोना कर्फ्यू का असर नहीं दिखा।
बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग तार-तार होती रही तो गैर जरूरी सामान की दुकानें भी खुली रहीं। कुछ जगह पुलिस गैर जरूरी सामान की दुकानों के दुकानदारों को हड़काते हुए नजर आई, लेकिन इनके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस के जाते ही दुकानें फिर से खुल गईं।
गौरतलब है कि कर्फ्यू के दौरान शासन ने जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी प्रकार की दुकानों को बंद करने का निर्देश जारी किया गया है। साथ ही कर्फ्यू के दौरान बेवजह बाहर निकलने पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया गया है, लेकिन मंगलवार को कर्फ्यू बेअसर दिखा। सुबह सात से 11 बजे तक बाजारों में सामान्य दिनों की तरह भीड़ रही। किराने की दुकानों के अलावा सब्जी व फलों की दुकानों पर भीड़ टूट पड़ी। कपड़ों की दुकानों के अंदर भी काफी संख्या में ग्राहकों की मौजूदगी रही।
नगर के गणेश द्वार से लेकर सब्जी मंडी, सब्जी मंडी से लेकर देव मार्केट और देव मार्केट से लेकर कूपा गली तक जनसैलाब नजर आया। निरंजन बाजार में भी काफी भीड़ रही। यहां किराने की दुकानों अलावा अन्य दुकानों पर भीड़ रही। मंडी समिति के अलावा बाजार में उमड़ी लोगों की भीड़ से कोरोना कर्फ्यू व सोशल डिस्टेंसिंग भी मजाक बनकर रह गया।
कई बार बाजार में जाम लग गया। प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी भी कर्फ्यू के पालन को लेकर सजग नहीं दिखे। ऐसे में इन हालातों में कैसे कोरोना संक्रमण की चेन टूटेगी। एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है, लेकिन बाबजूद इसके लोग बेपरवाह हो रहे हैं। जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मार्केट के बाहर पुलिस ने जड़ा ताला
कस्बे की देव मार्केट में मंगलवार को जब खुली गैर जरूरी दुकानों की जानकारी जब पुलिस को हुई तो मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस द्वारा सख्ती बरतते हुए मार्केट के बाहर ताला लगाकर उसे बंद कर दिया गया, जिसके बाद दुकानदार मार्केट के बाहर हाथ पर हाथ धरे बैठे नजर आए। गौरतलब हो कि पहले पुलिस ने कई बार इन दुकानदारों को कोरोना कर्फ्यू में गैर जरूरी दुकानें न खोलने की चेतावनी दी थी, लेकिन यह दुकानदार नहीं माने। लिहाजा पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी।