सदर विधायक के आवास पर ग्रामीणों की शिकायतें सुनते अधीक्षण अभियंता विद्युत। स्रोत : शिकायतकर्
- फोटो : Samvad
नगर पालिका में शामिल होने के सात वर्ष बाद भी गांव जोगिया को शहरी विद्युत आपूर्ति नहीं मिलने पर मंगलवार को ग्रामीणों ने सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर से गुहार लगाई। विधायक ने अधीक्षण अभियंता को अपने आवास पर बुला लिया और ग्रामीणों की समस्या का समाधान करने के लिए कहा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव जोगिया करीब सात वर्ष पहले नगर पालिका परिषद में शामिल हो चुका है, लेकिन आज भी गांव को शहर के बजाय ग्रामीण फीडर से बिजली मिल रही है। इससे लोगों को लंबे समय तक बिजली कटौती और कम आपूर्ति जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि पहले जोगिया ग्राम पंचायत के अंतर्गत पांच गांव आते थे। बाद में विद्युत विभाग ने पंचायत के अन्य चार गांवों को शहरी विद्युत व्यवस्था से जोड़ दिया, लेकिन नगर पालिका क्षेत्र का हिस्सा बनने के बावजूद जोगिया को ग्रामीण आपूर्ति पर ही छोड़ दिया गया। इससे गांव के लोगों में नाराजगी है।
एसई ने आश्वासन दिया कि तीन दिनों के भीतर आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर गांव जोगिया को शहरी विद्युत आपूर्ति से जोड़ दिया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन में उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बिजली निगम के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे।