संवाद न्यूज एजेंसी, हसायन।
क्षेत्र के गांव शीतलवाड़ा और जवाहरगढ़ में बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पहुंची स्वास्थ्य टीम को ग्रामीणों के प्रतिरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने टीका लगवाने से इंकार कर दिया। यह टीम सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी राजकिशोर वर्मा के नेतृत्व में गई थी।
शाम तक जब कोई टीकाकरण के लिए नहीं आया तो गांव एडीओ पंचायत उदय प्रताप सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी राजकिशोर वर्मा और लेखपाल भी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने टीका लगवाने से साफ मना कर दिया।
इस दौरान ग्राम पंचायत धुबई की महिला प्रधान व उनके पति के अलावा कोटेदार को भी गांव में बुलाकर टीकाकरण में सहयोग देने को कहा गया तो उन्होंने भी अधिकारियों से टीकाकरण कराने से इंकार कर दिया। इस दौरान टीम की ग्रामीणों से तीखी नोकझोंक भी हुई।
बाद में टीम बिना टीकाकरण के ही लौट आई। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी नीरज गर्ग व एडीओ पंचायत उदय प्रताप सिंह ने बताया कि गांव जवाहरगढ़ व शीतलवाड़ा के ग्रामीणों ने टीकाकरण कराने से मना कर दिया है। प्रधान, उनके पति और कोटेदार ने भी इसमें कोई सहयोग नहीं किया। जल्द ही ग्रामीणों को फिर से टीकाकरण कराने के लिए मनाने की कोशिश की जाएगी।