उत्तराखंड की राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने कहा कि लोगों को अच्छे भविष्य के सपने जरूर देखने चाहिए और इनको साकार करने की कोशिश भी करनी चाहिए। यह सपने शिक्षा के जरिये पूरे होंगे। बाबा साहब आंबेडकर ने भी सपना देखा था कि उनका समाज संगठित बने, शिक्षित बने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करें। इसके साथ उन्होंने बताया कि उनका सपना था कि उनकी फोटो अखबारों में खूब छपें। उत्तराखंड की राज्यपाल बनने के बाद अब यह सपना पूरा हो रहा है। वे यहां मथुरा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में जाटव समाज की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहीं थीं।
अपने अभिनंदन समारोह में वह यह बताना भी नहीं भूलीं कि दलित समाज के लोगों को भाजपा ही लगातार सम्मान दे रही है। उत्तराखंड की राज्यपाल ने कहा कि मुझे यह कहने में संकोच नहीं हो रहा है कि आपके साथ भाजपा के अलावा किसी ने ईमानदारी से काम नहीं किया लेकिन हमारे समाज का वोट कहां जाता है, सब जानते हैं। भारतीय जनता पार्टी ने मुझे भी सम्मान दिया है। मैं सपने में भी राज्यपाल बनने की नहीं सोच सकती थी।
राज्यपाल बनने के बाद मुझे बहुत सम्मान मिला है। देश के प्रधानमंत्री ने हमारे समाज के व्यक्ति को राष्ट्रपति बनने का भी मौका दिया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब हमेशा समाज से तीन बातें चाहते थे। वह चाहते थे कि समाज संगठित बने, शिक्षित बने और संघर्ष करें। बाबा साहब का सपना था कि समाज संघर्ष करें, लेकिन बिना शिक्षा के संघर्ष करना बेकार है। बाबा साहब का सपना था कि हम जागरूक हों और समाज में उच्च पदों पर पहुंचें। हमें अपने बच्चों को शिक्षा के लिए विदेश भेजना होगा। हमारे बच्चे जब विदेशों में शिक्षा ग्रहण करेंगे तो हमारा सीना चौड़ा होगा। लड़ाई लड़ने के लिए माइक की जरूरत होती है, लेकिन शिक्षा के बिना माइक नहीं पकड़ा जा सकता। उन्होंने कहा कि सभी को लक्ष्य निर्धारित करना होगा। मेरा बचपन में सपना था कि मेरे फोटो खींचें जांय और अखबारों में खूब छपें। यह सपना 40-45 साल बाद अब पूरा हुआ है। सभी को सपने जरूर देखने चाहिए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर राज्यसभा सांसद कांता कर्दम, उत्तर प्रदेश एससी एसटी आयोग के सदस्य ओम प्रकाश नायक, पूर्व मंत्री राम बाबू हरित, नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा थे। इस मौके पर समाज के लोगों व कार्यक्रम संयोजक रामवीर सिंह भैयाजी ने बेबी रानी मौर्य का अभिनंदन किया। डीएम डॉ. रमाशंकर मौर्य, एसपी जगदीश प्रसाद, एसडीएम सदर अरुण कुमार सिंह, सहित तमाम अधिकारियों ने राज्यपाल की अगवानी की। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर सभासद नारायन लाल, अजय रावत, गोवर्धन सिंह, नंदिनी देवी, मीरा माहेश्वरी, सभासद रामवती माहौर, डॉ. चंद्रभान भारत, अगम प्रिय सत्संगी, प्रमोद कुमार संजय, राजकपूर, राकेश विमल, रामकिशोर बौद्ध, प्रभा सिंह, सुनीता सिंह, दीला राम प्रेमी आदि मौजूद थे। संचालन भगवान सिंह भारती ने किया।