विकास खंड क्षेत्र के गांव कौंडरा में एक राजस्व कर्मी का रुपये लेते हुए कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। वीडियो में भू विवाद के निस्तारण के नाम पर एक युवक द्वारा राजस्व कर्मचारी को नकदी देते हुए दिखाया गया है। हालांकि वीडियो को पुराना बताया जा रहा है।
बताया गया है कि गांव कौंडरा निवासी एक युवक द्वारा जमीन संबंधी विवाद के समाधान के लिए राजस्व विभाग के हल्का लेखपाल स्तर के कर्मचारी को रुपये दिए गए। वायरल वीडियो में एक युवक पांच-पांच सौ रुपये के नोट गिनकर राजस्व कर्मी को देता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि कर्मचारी ने रुपये लेकर उन्हें अपनी जेब में रख लिए।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बारे में संबंधित राजस्व कर्मी से संपर्क करने का प्रयास किया गया। पहले उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया, बाद में कॉल बैक कर वीडियो अपने पास भेजने को कहा। बयान के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने इस मामले में स्पष्ट टिप्पणी करने से इंकार किया। सिकंदराराऊ के उपजिलाधिकारी संजय सिंह ने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो की अभी कोई जानकारी नहीं है। वीडियाये देखने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।