शहर के कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक होटल के कारीगर का रोटी पकाने से पहले उस पर थूकने का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस व खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आ गए। पुलिस ने होटल के कारीगर को गिरफ्तार कर लिया है।
वायरल वीडियो शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मधुगढ़ी स्थित बादशाह मीट होटल का बताया जा रहा है। वीडियो में तंदूर पर रोटी बनाने वाला कारीगर रोटी बेलने के बाद इधर-उधर देखकर उस पर थूकता नजर आ रहा है। इसके बाद वह रोटी को तंदूर में सेंकने के लिए डाल देता है। किसी ग्राहक ने उसकी इस हरकत को मोबाइल में कैद कर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। खाद्य सुरक्षा विभाग व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और होटल संचालक से पूछताछ की। पुलिस ने कारीगर फरमान निवासी मधुगढ़ी को गिरफ्तार किया। फरमान होटल मालिक का चचेरा भाई भी बताया गया है।
पुलिस ने फिलहाल उसका शांति भंग में चालान कर दिया है। सीओ सदर योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया वीडियो में पहचान होने के बाद आरोपित युवक को पकड़ लिया गया। उसका चालान किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।