मथुरा-बरेली हाईवे पर जवार टोल प्लाजा के निकट अज्ञात वाहन ने एक्टिवा सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में मथुरा के लक्ष्मीनगर निवासी 40 वर्षीय इकबाल की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी परवीन गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दंपती अलीगढ़ के भुकरावली स्थित मायके से लौट रहा था।हादसे के बाद नेशनल हाईवे की एंबुलेंस दोनों को जिला अस्पताल लेकर आई। वहां चिकित्सकों ने इकबाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल परवीन को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलने पर मृतक के परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। इकबाल चांदी की पायल आदि बनाने का काम करते थे। थाना हाथरस गेट प्रभारी अरविंद राठी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।