यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया में हाथरस जिले के सभी 364 विद्यालयों का भौतिक सत्यापन कार्य पूर्ण हो गया है। तहसील स्तर पर गठित निरीक्षण टीमों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी केंद्रों पर पहुंचकर कक्षाओं, बैठने की क्षमता, विद्युत व्यवस्था, शौचालय, सुरक्षा मानकों और कैमरा इंस्टॉलेशन जैसी अनिवार्य सुविधाओं की जांच की। निरीक्षण के बाद तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट को विभागीय पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है।
जिले में इस वर्ष यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में लगभग 43 हजार विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। अब माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा जिले के परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इस सूची पर केंद्र संचालकों की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि कई विद्यालयों ने इस बार भी केंद्र बनने की उम्मीद जताई है। अधिकारियों के अनुसार सूची जारी होने के बाद यदि किसी विद्यालय को किसी प्रकार की आपत्ति या सुधार की आवश्यकता महसूस होती है तो निर्धारित समय के भीतर वे अपनी आपत्ति दर्ज कर सकेंगे।
बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को देखते हुए शिक्षा विभाग केंद्रों के चयन में विशेष सतर्कता बरत रहा है ताकि परीक्षाएं सुचारु, सुरक्षित और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जा सकें। डीआईओएस संत प्रकाश ने बताया कि अब परिषद से जल्द ही परीक्षा केंद्रों की सूची आने का इंतजार है।