महाशिवरात्रि का त्योहार 15 फरवरी को मनाया जाएगा। इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 12 से 16 फरवरी तक भारी वाहनों का आवागमन परंपरागत के बजाय दूसरे रास्तों से कराया जाएगा। सिर्फ एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड व अन्य आपातकालीन वाहनों को ही परंपरागत रास्तों से आवागमन की अनुमति होगी।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि आगरा की ओर से आने वाले मध्यम व बडे वाहन सादाबाद में चौधरी चरण सिंह चौराहा और नगला भुस तिराहा से बाईपास होते हुए वाया हतीसा पुल अलीगढ़ की ओर जाएंगे। अलीगढ़ की तरफ से आने वाले मध्यम व बड़े वाहन रुहेरी तिराहा व प्रताप चौराहा से मथुरा-बरेली हाईवे होते हुए मथुरा व आगरा की ओर जाएंगे।
एसपी ने बताया कि सिकंदराराऊ की ओर से आने वाले मध्यम व बड़े वाहन हाथरस जंक्शनपुर में वाहनपुर से मथुरा-बरेली हाईवे होते हुए वाया रुहेरी बाईपास होते हुए अलीगढ़, मथुरा व आगरा की ओर रवाना होंगे। मथुरा की ओर से आने वाले मध्यम व बड़े वाहन मुरसान चौराहा व हतीसा पुल के ऊपर, प्रताप चौराहा इगलास रोड बाईपास से होते हुए आगरा व अलीगढ़ की ओर जाएंगे।
इसी तरह जलेसर की ओर से आने वाले मध्यम व बड़े वाहन शहर के चामड़ गेट चौराहा होते हुए वाया डीआरबी इंटर कॉलेज तिराहा, मधुगढ़ी तिराहा, इगलास फाटक, प्रताप चौराहा, इगलास रोड बाईपास होते हुए आगरा व अलीगढ़ की तरफ जाएंगे। जनपद कासगंज की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के वाहन सिकंदराराऊ में सरदला पुल से बाईपास होते हुए एटा व अलीगढ़ की ओर जाएंगे। जनपद एटा की ओर से आने वाले वाहन अलीगढ़-एटा बाईपास होते हुए गंतव्य के लिए जाएंगे।