आदेश के बाद पेट्रोल पंप मालिकों ने अपने यहां नो हेलमेट-नो पेट्रोल के पर्चे तो चिपका दिए हैं, लेकिन असलियत में आदेश का पालन नहीं हो रहा, जबकि यह आदेश वाहन चालक और सवारों की सुरक्षा के मद्देनजर ही लागू किया गया था। तीन दिन पूर्व सादाबाद में बढ़ार चौराहे पर दुर्घटना में बाइक सवार तीन छात्राओं सहित चार लोगों की मौत के बाद भी यही बात सामने आई थी कि इन चारों में से किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। अगर हेलमेट पहना होता तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
हादसे के बाद भी सरकारी तंत्र बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सख्ती नहीं बरत रहा है। यातायात पुलिस कर्मियों की आंखों के सामने ही बड़ी संख्या में वाहन सवार बिना हेलमेट के ही वाहन चलाते हुए गुजर जाते हैं, लेकिन वह देखकर भी इन्हें अनदेखा कर देते हैं।
सभी पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट के पेट्रोल न दिए जाने के निर्देश लगातार जारी किए जा रहे हैं। जिन पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा आदेशों का पालन नहीं किया जा रहा, उन पर निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी।-ध्रुवराज यादव, जिला पूर्ति अधिकारी, हाथरस।