महावीर जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा में शामिल झांकियां।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। महावीर जयंती के मौके पर जैन तीर्थकर भगवान महावीर स्वामी की शोभायात्रा शहर में धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा का पूरे शहर में जोशीला स्वागत किया गया। कहीं पुष्पवर्षा की गई तो कहीं जैन तीर्थंकरों की आरती उतारी गई। जहां से यह शोभायात्रा गुजरी, वहां इसे देखने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। शोभायात्रा के स्वागत के लिए पूरे शहर को केसरिया तोरण द्वारों से सजाया गया। पूरा माहौल वंदे जिन वरम, अहिंसा परमोधर्म के उद्घोष से गूंज उठा।
सबसे पहले डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने जैन मंदिर पहुंचकर आरती उतारी और मंदिर का इतिहास जाना। उसके बाद डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार और अन्य लोगों ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा, तजवंत कालरा, श्यामसुंदर शर्मा बंटी भैया, कैलाशचंद्र जैन आदि मुख्य रूप से शामिल थे। पूर्व ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत सदस्य रामेश्वर उपाध्याय ने भी इस मौके पर पूजा-अर्चना की और शोभायात्रा में शामिल हुए। उन्होंने सभी को महावीर जंयती पर बधाई दी।
इस मौके पर नवयुवक सभा के अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने सभी अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया। इससे पूर्व अतिथियों ने नेमिनाथ भगवान के दर्शन किए। स्वर्ण रथ और रजत रथ पर विराम भगवान महावीर और चंद्रप्रभु भगवान की आरती की। शोभायात्रा नयागंज स्थित ठा. नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से शुरू होकर शहर के मुख्य बाजारों में निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान जैन समाज के लोगों ने जगह जगह महावीर स्वामी की आरती उतारी। शोभायात्रा में कई बैंड के अलावा स्वर्ण रथ, रजत रथ, ऐरावती हाथी, जीयो और जीने दो के अलावा शाम को जल्दी भोजन करें, सहित संदेश लिखी झांकियां शामिल थी। शोभायात्रा को देखने के लिए लोगों की खासी भीड़ उमड़ी। शोभायात्रा में मतदाता जागरूकता की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। झांकी का डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने डोरी खींचकर अनावरण किया।