गैस सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को उस समय झटका लगा जब उनकी बुकिंग रद्द कर दी गई। जिसको लेकर गैस एजेंसी वालों से उपभोक्ताओं की नोकझोंक हो गई और जमकर हंगामा हुआ।
सहपऊ क्षेत्र की एक मात्र गैस एजेंसी सुनीता इंडेन गैस सर्विस के पीहुरा स्थित गोदाम पर छह दिन बाद गैस सिलिंडरों से भरी गाड़ी पहुंचते ही भीड़ लग गई। सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उनके द्वारा 14 अप्रैल से पहले की गई ऑनलाइन बुकिंग रद्द कर दी गई। इस पर उनकी वितरक से काफी नोकझोंक हुई और हंगामा हो गया।
विज्ञापन
सूचना पर पुलिस एवं पूर्ति निरीक्षक गोदाम पर पहुंच गए। इसके बाद उनकी देखरेख में सिलिंडरों का वितरण हो सका। इस प्रकरण में वितरक का कहना था कि जब कंपनी ने ऊपर से ही उपभोक्ताओं द्वारा की गई बुकिंग रद्द कर दी है तो इसमें उनका कोई दोष नहीं है।
पूर्ति निरीक्षक गौरव माहेश्वरी ने बताया कि 14 अप्रैल तक ऑनलाइन की गई बुकिंग कंपनी ने गैस की कमी होने के कारण रद्द कर दी है। इसके लिए जैसे ही रद्द का संदेश आता है उसी समय पुन:ऑनलाइन बुकिंग करने से गैस बुक हो जाती है। इसके बाद उपभोक्ता को डीएसी नंबर भी मिल जाता है। जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग रद्द हो गई है। वह पुन: ऑनलाइन बुक करा लें, उनको सिलिंडर मिल जाएगा।