मेला श्रीदाऊजी महाराज में रविवार रात आयोजित पंजाबी दरबार में जमकर हंगामा हुआ। कार्यक्रम में सितारों की झलक पाने के लिए उमड़ी भीड़ के आगे व्यवस्थाएं तार-तार हो गईं। पुलिस को कई बार लाठियां फटकारनी पड़ीं। भीड़ की तरफ से पंडाल में खाली बोतलें और चप्पलें फेंकी गईं। हंगामे के बीच रात करीब एक बजे कार्यक्रम को समाप्त करा दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना पर समूह नृत्य के साथ हुई। इसके बाद जैसे ही मशहूर पंजाबी गायक अमर संधू प्रस्तुति देने मंच पर पहुंचे, पुलिसकर्मियों ने उनके साथ आए पर्सनल सुरक्षा गार्ड्स को हटाने का प्रयास किया। इस कारण मंच पर ही माहौल गरमा गया। कलाकारों के निजी फोटोग्राफरों और टीम के सदस्यों से पुलिस द्वारा बार-बार की जा रही पूछताछ से विवाद की स्थिति बन गई।
देखते ही देखते मंच पर निजी सुरक्षाकर्मियों और पुलिस के जवानों का जमावड़ा लग गया। इसके बाद हरियाणवी अभिनेत्री संजना यादुवंशी और श्याम यादव ने जोरदार नृत्य प्रस्तुत किया, लेकिन इस दौरान भी संजना की टीम के सदस्यों की मंच पर आने से रोके जाने पर पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। कार्यक्रम कुछ देर तक रुका रहा।
जैसे ही अभिनेत्री अंजली राघव ने मंच संभाला, पंडाल में बैठी भीड़ बेकाबू हो गई। लोग सोफे और कुर्सियों पर खड़े हो गए, जिससे पीछे बैठे दर्शकों को कुछ दिखना बंद हो गया। भीड़ को कुर्सियों से नीचे उतारने और बैठाने में पुलिस के पसीने छूट गए। उधर पंडाल के मुख्य द्वार और सीढ़ियों पर भारी दबाव बढ़ गया। अंदर घुसने के लिए हो रही धक्का-मुक्की को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों ने कई बार लाठियां फटकारकर भीड़ को खदेड़ा। बाद में मशहूर गायक मिस्टर दत्त और अपना नितिन ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं।
एंकर की अपील से और भड़का माहौल
मुख्य पंडाल में जगह न मिलने पर बाहर खड़ी भीड़ में से कुछ उपद्रवियों ने अंदर की ओर चप्पलें, पानी की खाली बोतलें और अन्य सामान फेंकना शुरू कर दिया। इस पर संचालन कर रहीं एंकर अनन्या ने माइक से लोगों से बोतलें व चप्पलें न फेंकने की अपील की। इसके कुछ ही देर बाद उन्होंने मंच से यह कह दिया कि लोग पत्थर न फेंकें, यहां पुलिस मौजूद है और कार्रवाई होगी, तो दिक्कत होगी''। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पत्थर फेंकने जैसी कोई बात नहीं थी, लेकिन एंकर के इस ऐलान से पंडाल में मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई और माहौल अधिक तनावपूर्ण हो गया।