यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हाथस जिले के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। अब आवेदन से वंचित रह गए संस्थागत (रेगुलर) और व्यक्तिगत (प्राइवेट) परीक्षार्थी 28 सितंबर तक परीक्षा शुल्क जमा करने के साथ अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
बोर्ड द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार संस्थागत परीक्षार्थियों से प्राप्त परीक्षा शुल्क को कोषागार में जमा करने तथा उसकी सूचना परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करने की अंतिम तिथि भी 28 सितंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद विद्यालयों द्वारा छात्र-छात्राओं के परीक्षा संबंधी समस्त विवरण 30 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किए जा सकेंगे।
पोर्टल पर विवरण अपलोड होने के बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य छात्रों के नामावली व विवरण की चेकलिस्ट निकालकर उसकी गहन जांच करेंगे। यदि जांच के दौरान किसी परीक्षार्थी के नाम, माता-पिता के नाम की स्पेलिंग, जन्मतिथि, विषय अथवा फोटो में कोई त्रुटि मिलती है, तो उसे सुधारने का भी मौका मिलेगा।
प्रभारी डीआईओएस नीरज गोयल ने बताया है कि प्रधानाचार्य एक अक्तूबर से छह अक्तूबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक वेबसाइट पर जाकर आवश्यक संशोधन कर सकेंगे। सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को तय समय सीमा के भीतर समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।