हाथरस। जिले में बिना मान्यता के संचालित हो रहे विद्यालयों के खिलाफ बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर सघन अभियान चलाकर अमान्य स्कूलों का संचालन बंद कराने के निर्देश दिए हैं।
बीएसए ने कहा है कि संज्ञान में आया है कि जब भी सघन अभियान चलाया जाता है, तो ये अमान्य विद्यालय कुछ समय के लिए संचालन बंद कर देते हैं, लेकिन जांच टीम के जाने के बाद वे पुनः धड़ल्ले से स्कूल चलाने लगते हैं। बीएसए ने स्पष्ट किया है कि ऐसे विद्यालयों को चिह्नित कर लगातार और प्रभावी जांच की जाए।
यदि जांच के दौरान कोई भी विद्यालय बिना मान्यता के संचालित पाया जाता है, तो उसे तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए। इसके साथ ही उन स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का भविष्य सुरक्षित करने के लिए उन्हें नजदीकी परिषदीय या मान्यता प्राप्त विद्यालयों में तुरंत प्रवेश दिलाया जाए और इसकी सूचना बीएसए कार्यालय को देनी होगी।
बीएसए ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि 20 नवंबर तक इस आशय का प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं कि उनके क्षेत्र में एक भी विद्यालय बिना मान्यता के संचालित नहीं हो रहा है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।