हाथरस। बुधवार शाम साबरमती एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। पुलिस देर रात तक मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास करती रही, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। यह घटना हाथरस सिटी स्टेशन से कुछ किलोमीटर आगे हुई।
मेला स्पेशल साबरमती एक्सप्रेस (05344) हाथरस सिटी स्टेशन से शाम करीब 6:28 बजे मथुरा के लिए रवाना हुई थी। करीब चार किलोमीटर आगे गांव हतीसा के पास एक 35 से 40 वर्षीय युवक अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया। युवक के कटने के बाद चालक ने ट्रेन रोकी और इंजन को चेक किया। घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर को सूचना दी।
जीआरपी ने कोतवाली हाथरस गेट पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने तक मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। लेकिन भीड़ में से कोई भी युवक की पहचान नहीं कर सका। पुलिस को युवक के पास से ऐसा कोई सामान नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस उपाधीक्षक हिमांशु माथुर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।