मेंडू। हाथरस जंक्शन क्षेत्र में गांव हाजीपुर के पास सोमवार रात अज्ञात वाहन ने तीन बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में मोहित (26) निवासी चंदैया, सासनी और तरुण उर्फ तन्ना (20) निवासी चंदनपुर की मौत हो गई, जबकि एक महिला और बच्चे सहित सात लोग घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।गांव हाजीपुर के पास तीन बाइकों पर सवार लोग सड़क से गुजर रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घायलों में हाजीपुर निवासी मनवीर सिंह और उनकी पत्नी उषा देवी भी शामिल हैं। उषा देवी ने बताया कि वह दवा लेकर पति और बच्चे के साथ गांव लौट रही थीं। इस दौरान एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे तीनों घायल हो गए। इसके अलावा मोहित सेंगर, हिमांशु, किशन सिंह, रोहित अमरावती और मोनू कुमार सहित अन्य लोग भी हादसे में घायल हुए हैं। सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि घायलों का उपचार करा दिया गया है।