पुरदिलनगर में दरगाह पर आगजनी के बाद पहुंचे एसडीएम संजय कुमार व सीओ जेएन अस्थाना। संवाद
- फोटो : Samvad
कस्बा के पोरा मार्ग पर अराजक तत्वों ने दरगाह में आग लगा दी। मौके पर मुस्लिम समाज के लोग एकत्रित हो गए। उनमें इस घटना से गुस्सा था। एसडीएम और सीओ कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।
बताया जाता है कि कस्बा पुरदिलनगर के पोरा रोड पर वर्षो पुरानी एक दरगाह बनी हुई है। इसमें कुछ शरारती तत्वों ने मंगलवार को आग लगा दी गई, जिससे दरगाह को काफी क्षति पहुंची है। दरगाह में आग लगने की सूचना पर मुस्लिम समाज के लोग वहां पहुंच गए।
एसडीएम संजय कुमार, सीओ जेएन अस्थाना, कोतवाली निरीक्षक शिव कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने लोगों से मामले की जानकारी ली और उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया।
दरगाह की पुताई कराए जाने के साथ ही दो सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाने के अधीनस्थों को निर्देश दिए। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल में जुट गई है। सीओ का कहना है कि इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।