संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
शातिर व्यक्तियों ने बुधवार को कस्बे के एक सराफा कारोबारी की दुकान पर पहुंचकर दो जोड़ी पाजेब गायब कर दीं। जैसे ही कारोबारी को शक हुआ, वैसे ही दो लोग एक जोड़ी पाजेब को लेकर भागने में सफल रहे। एक महिला को मौके पर ही एक जोड़ी पाजेब के साथ पकड़ लिया गया और उसे जमकर खरीखोटी सुनाई गईं। मौके पर काफी भीड़ जुट गई।
हुआ यूं कि सुभाष गली के सामने मदनमोहन नरेंद्र अग्रवाल की सराफा की दुकान है। बुधवार को चार महिला और एक व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे और पाजेब देखने लगे। इतने में ही इन शातिर लोगों ने कारोबारी की दो जोड़ी पाजेब गायब कर दीं। एक जोड़ी पाजेब लेकर दो शातिर फरार हो गए, जबकि एक महिला ने एक जोड़ी पाजेब को अपने पास छुपा लिया।
किसी तरह कारोबारी को इन लोगों पर शक हो गया और उसने वहां मौजूद दो महिलाओं को रोक लिया। इन शातिर महिलाओं से काफी देर तक नोकझोंक भी हुई। महिला ने छिपाई गई एक जोड़ी पाजेब वापस कर दीं, जबकि दूसरी जोड़ी पाजेब के बदले अपने अन्य गहने दे दिए।