न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
बीएसए ने दो शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। एक शिक्षक पर किसी अन्य व्यक्ति के शैक्षिक प्रमाण पत्रों से नौकरी पाने तो दूसरे पर अपने कार्य में उदासीनता बरते जाने का आरोप है। दोनों ही शिक्षकों को दूसरे स्कूलों से संबद्ध किया गया है।
विकास खंड सिकंदराराऊ के प्राथमिक विद्यालय कचौरा प्रथम के प्रधानाध्यापक राजेंद्र सिंह पर किसी अन्य व्यक्ति के शैक्षिक प्रमाण पत्रों के आधार पर नौकरी पाने का आरोप है। इस दौरान गंभीर अनियमितताएं व कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरतने के कारण प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर राजेंद्र सिंह के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। वहीं इस मामले की जांच करने के लिए बीएसए ने समिति का गठन किया है। निलंबन अवधि में राजेंद्र सिंह को बीआरसी सहपऊ से संबद्ध किया गया है। सिकंदराराऊ के प्राथमिक विद्यालय शेखगढ़ी के शिक्षक अनुज सारस्वत के खिलाफ भी बीएसए ने अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए निलंबन की कार्रवाई की है। सारस्वत को बीआरसी हाथरस से संबद्ध किया गया है। बीएसए हरीशचंद्र ने बताया कि दो शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। जिसमें एक शिक्षक पर किसी दूसरे के शैक्षिक प्रमाण पत्रों से नौकरी पाने का आरोप है। वहीं, दूसरे शिक्षक के खिलाफ अपने कार्य में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की गई है।