सादाबाद में आगरा रोड पर सेंट विवेकानंद पब्लिक स्कूल के सामने सड़क किनारे खड़ी दो स्कूल वैन में भीषण आग लग गई। हादसा अवैध रूप से एलपीजी सिलिंडर से वैन में गैस भरने के दौरान हुआ। इस दौरान एक सिलिंडर भी फट गया। सूचना पर पहुंच दमकल ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वैन जलकर राख हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार की सुबह करीब 10 बजे गांव नौगांव से स्कूली बच्चों को लेकर आया वैन चालक बच्चों को उतारने के बाद सड़क किनारे घरेलू गैस सिलिंडर से वैन में लगी किट में गैस की रिफिलिंग कर रहा था। उसी दौरान मशीन में हुई स्पार्किंग की वजह से आग भड़क उठी। आग लगते ही चालक घबरा गया और रिफलिंग मशीन को लेकर मौके से भाग गया। इसी वैन की चपेेट में निकट ही खड़ी एक अन्य वैन भी आ गई, उसमें भी भीषण आग लग गई। दोनों वैन जलने लगीं। रिफलिंग के लिए लाए गए सिलिंडर में भी आग लग गई, और यह धमाके साथ फट गया।गनीमत यह रही कि इस सिलिंडर में गैस कम थी और यह पूरा नहीं फटा। सिलिंडर में छेद हो गया था।
एक वैन चालक शनिवार को सुबह करीब आठ बजे नौगांव व उसके आसपास के गांव से बच्चों को लेकर स्कूल पहुंचा था, वहीं दूसरा वैन चालक गांव नगला चांद और कुरसंडा से बच्चों को लेकर स्कूल पहुंचा था। दोनों वैनों में लगभग 20 छात्र छात्राएं सवार थे। हादसा होने से पहले ही छात्र-छात्राएं सुरक्षित स्कूल के अंदर पहुंच चुके थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई चालक अवैध रूप से गैस किट लगे वाहनों से बच्चों को स्कूल लेजा रहे हैं।
स्कूल वैन में आग लगने और क्षेत्र में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का मामला संज्ञान में आया है, परिवहन विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। यह भी जांच कराई जा रही है, कि इस तरह की स्कूल वैन वैन और किन-किन स्कूलों में लगीं हैं। अभिभावकों को भी गैस किट लगे वाहनों में बच्चों को नहीं भेजना चाहिए।-मनीष चौधरी, एसडीएम, सादाबाद।