हाथरस सहपऊ क्षेत्र के गांव महरारा के पास से गुजरने वाली डेडिकेट फ्रेट कॉरिडोर रेलवे लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई।
गांव नवलपुर निवासी प्रेमपाल सिंह यादव के दो बेटे सोनू उम्र 21 वर्ष एवं मोनू उम्र 18 वर्ष मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे पशुओं की करब लाने जा रहे थे। बड़ा भाई सोनू आगे था और मोनू पीछे था। सोनू अपनी धुन में जा रहा था तभी पीछे थोड़ी दूर चल रहा मोनू को मालगाड़ी दिखाई दी। उसे यह आभास हो गया कि उसका भाई मालगाड़ी को नहीं देख रहा है। इस पर उसने अपने भाई को आवाज दी। कोई जवाब न मिलने पर जब वह अपने भाई के पीछे भागा तो वह भी मालगाड़ी की चपेट में आ गया।
दोनों ही मालगाड़ी की चपेट में आ गए। मालगाड़ी की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।