संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे हाथरस रोड पर बढ़ार चौराहे के समीप एक कैंटर ने मोपेड सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से दोनों को सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से दोनों को आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। इस दौरान रास्ते में एक घायल की मौत हो गई। दूसरे घायल व्यक्ति की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक देवेंद्र की पत्नी प्रीती देवी ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक, सादाबाद क्षेत्र के गांव गीगला निवासी 46 वर्षीय मजदूर देवेंद्र सिंह पुत्र स्व. मान सिंह अपने चचेरे भाई रविकुमार पुत्र मोहन सिंह निवासी गांव गीगला के साथ मोपेड से सासनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। सुबह करीब नौ बजे जब दोनों सादाबाद में बढ़ार चौराहा हाथरस रोड पर पहुंचे तो सामने से आ रहे कैंटर के चालक ने मोपेड में टक्कर मार दी, जिससे मोपेड सड़क पर गिर गई और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर काफी लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर वहां एंबुलेंस भी पहुंच गई।
एंबुलेंस से दोनों को उपचार के लिए सादाबाद सीएचसी पर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उसके बाद दोनों को गंभीर हालत में आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। मौके पर घायलों के परिजन पहुंच गए। परिजन जब दोनों घायलों को उपचार के लिए आगरा ले जा रहे थे तो रास्ते में देवेंद्र सिंह की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन देवेंद्र के शव को वापस सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले आए, जहां पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इधर, घायल का उपचार जारी है।