राशन डीलर के खिलाफ घटतौली और मानक से कम राशन देने की शिकायत की जांच के लिए बृहस्पतिवार को आपूर्ति विभाग की टीम ग्राम पंचायत बांधनू पहुंची। इस दौरान दो पक्षों में झगड़ा हो गया। लाठी-डंडे चले, जिसमें चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने पहुंचकर झगड़ा शांत कराया।
कुछ दिन पहले गांव बांधनू के ग्रामीणों ने डीएम से राशन डीलर के खिलाफ घटतौली और ग्राम प्रधान द्वारा राशन वितरण किए जाने की शिकायत की थी। आरोप था कि प्रधान के परिजन राशन सामग्री में घटतौली करते हैं और पूरा राशन मांगने पर दबंगई दिखाते हैं। इसकी जांच के लिए डीएम ने पूर्ति निरीक्षक श्यामबाबू को गांव में भेजा।
बताते हैं कि टीम जांच करने और ग्रामीणों के बयान लेने के बाद जैसे ही चलने लगी, तभी दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। एक पक्ष का आरोप है कि टीम जब ग्रामीणों के बयान ले रही थी, तभी प्रधान के बेटे ने अपने साथी शनि को फॉर्मेट लेने भेजा तो वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। बचाव में आए प्रधान के बेटे विकास को भी पीटा गया, जिससे दोनों के चोट आई हैं। दूसरे पक्ष के दीपक व अरुणनाथ भी घायल हुए हैं। दोनों पक्षों के घायलों को पुलिस थाने ले आई। वहां से उन्हें स्वास्थ्य परीक्षण के लिए भेजा गया।
आपूर्ति निरीक्षक श्यामबाबू का कहना है कि ग्रामीणों ने राशन डीलर की शिकायत डीएम से की थी, जिसकी वह जांच करने गए थे। डीलर पिंटू ने बताया कि वह दिव्यांग है और ग्राम प्रधान के सहयोग से राशन सामग्री का वितरण करता है। उन्होंने घटतौली के संबंध में ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं। वह अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपेंगे। प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा का कहना है कि जांच के दौरान ग्रामीणों में आपस में विवाद हो गया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।