नगर के मंडी गांधीगंज में शनिवार की सुबह एक बार फिर अतिक्रमण को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मंडी परिसर में दोनों पक्षों की भीड़ एकत्रित हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के लोग वहां से चले गए।
एक पक्ष का आरोप है कि मंडी परिसर में एक पक्ष के लोग दुकानें लगाकर अतिक्रमण कर रहे हैं। इसके अलावा ढकेल और फल-सब्जी की अस्थायी दुकानें भी लगा ली जाती हैं, जिससे मंडी में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। इसका सीधा असर स्थायी दुकानदारों पर पड़ता है।
उन्हें न तो दुकान के सामने जगह मिल रही है और न ही ग्राहक आसानी से उनकी दुकानों तक पहुंच पाते हैं। इस कारण आए-दिन विवाद होता रहता है। गौरतलब है कि मंडी गांधीगंज में अतिक्रमण का यह मुद्दा नया नहीं है। पहले भी कई बार दुकानदारों के बीच झगड़े हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस-प्रशासन ने इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया तो किसी दिन यह विवाद हिंसक रूप ले लेगा। कोतवाली निरीक्षक शिवकुमार शर्मा का कहना है कि मंडी गांधीगंज से सख्ती से अतिक्रमण हटवाए जाएंगे और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।