तहसील सभागार सादाबाद में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। दिवस में कुल 29 शिकायतें पहुंचीं, जिनमें सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद व अवैध कब्जे की रहीं।
सीडीओ सीडीओ प्रेमशंकर दीक्षित के अलावा एसडीएम मनीष चौधरी, सीओ अमित पाठक आदि ने फरियादियों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभाग के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समाधान के निर्देश दिए। अधिकारियों के समक्ष विभिन्न विभागों की कुल 29 शिकायतें दर्ज की गईं। कई फरियादियों ने वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की भी शिकायतें कीं। इधर, तहसील सदर में समाधान दिवस में 47 शिकायतों में से चार का मौके पर निस्तारण किया गया।
केस - 1
कई महीनों से नहीं आ रही वृद्धावस्था पेंशन
गांव तसींगा की नारंगी देवी ने बताया कि उसके दो पुत्रों की मौत हो चुकी है, पति भी नहीं है। उनकी आंखों का ऑपरेशन हो चुका है। वृद्धावस्था पेंशन के लिए पंजीकरण किया है। पंजीयन प्रक्रिया में फिंगर प्रिंट नहीं आ पा रहे हैं, जिससे पेंशन नहीं मिल रही है। यदि उन्हें पेंशन न मिली तो उनका जीवन दूभर हो जाएगा।
केस - दो
सालों से लगा रहे चक्कर, नहीं मिला आवास योजना का लाभ
गांव खौंडा निवासी भुल्लन सिंह ने शिकायत करते हुए बताया कि वह कई साल से समाधान दिवस में चक्कर काट रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें सरकार की आवास योजना का लाभ नहीं मिला। उनका आरोप है कि ग्राम प्रधान व सचिव ने उनके साथ भेदभाव करते हुए उनके नाम पर अपने किसी अन्य चहेते को लांभावित कर दिया। उसके पास कोई आवासीय पक्का मकान नहीं है। डीएम के आदेश के बाद भी मौके पर कोई जांच नहीं की गई है।
केस- तीन
बार-बार हो रहा विद्युत बाक्स में फाल्ट
गांव कुरसंडा निवासी दीपक ने समाधान दिवस में शिकायत करते हुए कहा कि गांव में विद्युत पोल पर लगे बॉक्स में बार-बार फॉल्ट हो रहा है, जिसे लाइनमैन द्वारा कई बार सही किया गया है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। बार-बार फॉल्ट होने से आए दिन बिजली बाधित हो रही है, जिससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।