कस्बा में रेलवे स्टेशन के सामने मथुरा-बरेली मार्ग पर रविवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी और दहशत मच गई, जब दो पक्षों के करीब आठ युवकों के बीच जमकर फायरिंग हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। आठ से दस राउंड की फायरिंग में गोली लगने से एक राहगीर घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों पक्षों के युवक भाग गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार की दोपहर करीब तीन बजे रेलवे स्टेशन के सामने मथुरा-बरेली मार्ग पर तीन-चार बाइकों पर सवार होकर करीब आठ युवक पहुंचे। सभी ने अपने मुंह पर कपड़ा लपेट रखा था। यहां दोनों पक्ष अचानक आमने-सामने आ गए। पहले उनके बीच तीखी कहासुनी हुई और देखते ही देखते दोनों ओर से अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।
सीओ सादाबाद जेएन अस्थान का कहना है कि मुरसान पुलिस ने तीन नामजद सहित 11 लोगों के खिलाफ आपस में फायरिंग करने की रिपोर्ट दर्ज की है। तीन युवकों की पहचान हो गई है। अन्य की सीसीटीवी के आधार पर पहचान और तलाश की जा रही है।
जान बचाने के लिए दुकानों में छिपे लोग, लगा जाम
दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भगदड़ मच गई। बाजार में चीख-पुकार मच गई और कई दुकानदार अपनी जान बचाने के लिए शटर गिराकर दुकानों के अंदर छिप गए, जबकि राहगीर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। इस हिंसक झड़प के कारण मथुरा-बरेली मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे काफी देर तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। दुकानदारों का कहना है कि करीब आधा घंटे तक लगातार अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पान मसाला लेते समय प्रमोद को लगी गोली
फायरिंग के दौरान हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव तजना निवासी प्रमोद पुत्र रुस्तम गोली लगने से घायल हो गए। प्रमोद यहां अपने रिश्तेदार और प्राइवेट एंबुलेंस चालक जितेंद्र से मिलने आए हुए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
- दो पक्षों के बीच फायरिंग की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया है। घायल को उपचार के लिए भिजवाया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। - जेएन अस्थाना, सीओ सादाबाद
घर के गेट और दीवार में धंसी गोलियां, दहशत
हाथरस-मुरसान। कस्बे के रेलवे स्टेशन के सामने दोनों तरफ से आठ से 10 राउंड गोलियां चलीं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस गैंगवार के दौरान पांच गोलियां एक स्थानीय निवासी के घर के मुख्य दरवाजे और दीवार में जा लगीं। गनीमत रही कि घटना के वक्त परिवार की महिलाएं घर के अंदर थीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पीड़ित रंजीत सिंह ठेनुआं ने बताया कि वह अपने छोटे भाई के साथ किसी काम से बाजार गए हुए थे। अचानक हुई इस गोलीबारी से बाजार में भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही रंजीत सिंह अपने भाई के साथ आनन-फानन मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि उनके घर के मुख्य लोहे के गेट और दीवार पर गोलियों के पांच गहरे निशान बने हुए थे। संवाद