क्राइम न्यूज, अमर उजाला, हाथरस।
कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर शहर में प्रगतिपुरम में हुई लूट, नवल नगर में हुई लाखों की चोरी जैसी कई वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गए नकदी में से दो लाख रुपये व जेवरात के अलावा तमंचे आदि भी बरामद किए हैं। गिरोह के अन्य साथियों की पुलिस तलाश रही है।
हाल ही में शहर में बदमाशों ने कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। इसे लेकर एसपी के निर्देश पर पुलिस इन वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी थी। अब पुलिस को इसमें उल्लेखनीय सफलता मिली है। पत्रकारों को जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने लहरा बंबा चौराहे के निकट से दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि तीन बदमाश भागने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम रहीश पुत्र रुस्तम निवासी मधुगढ़ी हाल निवासी मस्जिद वाली गली कागारौल आगरा व लाला पुत्र जहूर निवासी मधुगढ़ी हाथरस हाल निवासी सुशील नगर एत्माउद्दौला आगरा को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से दो लाख रुपये की नकदी, चार सोने की चूड़ी, एक मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठी के अलावा दो तमंचे व कारतूस भी मिले है। इनके तीन साथी खलील पुत्र मकबूल हाजी निवासी बरी के नीचे नालवन मोहल्ला श्रीनगर हाथरस, अनिल निवासी जोगिया रोड रमनपुर हाथरस, इमरान उर्फ चौथल पुत्र फरीद निवासी पत्थरवाली गली थाना हाथरस गेट फरार हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस शातिर गैंग ने ही 30 अगस्त को शहर की प्रगतिपुरम कॉलोनी में एक महिला को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
यह बदमाश खुद को कोरियर वाला बदमाश घर के अंदर घुस गए थे और वहां से लूटपाट की थी। उन्होंने बताया कि इसी गिरोह ने 15 अगस्त को शहर के मोहल्ला नवल नगर में एक बैंक कर्मी के घर में घुसकर लाखों की नकदी व अन्य सामान चोरी किया था। इसी गिरोह ने मोहल्ला श्रीनगर में 13 सितंबर को 50 हजार रुपये की चोरी की थी। 14 जनवरी को इगलास अड्डे पर भी चोरी इसी गिरोह ने की थी। उन्होंने बताया कि इसी गिरोह ने 5 सितंबर को अलीगढ़ रोड पर औद्योगिक क्षेत्र के सामने केनरा बैंक की दीवार काटकर उसमें चोरी का प्रयास किया था। पुलिस अधीक्षक ने इस गिरोह के पकड़े जाने और इन वारदातों के खुलासे पर पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
पुराने हिस्ट्रीशीटर हैं पकड़े गए दोनों बदमाश
पुलिस द्वारा पकड़ा गए दोनों बदमाश हिस्ट्रीशीटर हैं। पुलिस की मानें तो लंबे समय से यह आपराधिक वारदातों में लिप्त रहे हैं। पिछले दिनों जब पुलिस ने इन पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया तो यह आगरा जाकर रहने लगे, लेकिन वहीं से यहां आकर वारदात करते थे। इसमें रहीश पर थाना हाथरस गेट में ही 15 और लाला पर इसी थाने में 13 मुकदमे दर्ज हैं। पहले कई बड़ी वारदातों में भी यह शातिर शामिल रहे हैं।
पूरी प्लानिंग के साथ गिरोह देता था वारदात को अंजाम
पुलिस की मानें तो यह गिरोह पूरी रैकी के बाद प्लानिंग के साथ योजना को अंजाम देता था। पहले यह गिरोह जिस घर या दुकान में वारदात करनी होती थी, उसकी पूरी छानबीन करता था। दिन दहाड़े कॉलोनियों में घरों में लूट अथवा चोरी की वारदात करने में यह गिरोह माहिर है। कई तरह के फार्मूले अपना कर दिन दहाड़े बदमाश घरों के अंदर घुस जाते और बाहर लोगों को इसका पता भी नहीं चलता। उसके बाद लूटपाट अथवा चोरी की वारदात को अंजाम देकर वहां से साफ निकल जाते।