राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत ब्लॉक सादाबाद व सहपऊ में तैनात ब्लॉक मिशन प्रबंधक के कई माह से गैरहाजिर होने के चलते विभाग की ओर से शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है। दोनों मिशन प्रबंधक बिना सूचना के अनुपस्थित चल रहे हैं। इन मिशन प्रबंधकों को नोटिस जारी कर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन अभी तक वे उपस्थित नहीं हुए हैं।
ब्लॉक सादाबाद में तैनात ब्लॉक मिशन प्रबंधक आफरीन की शादी नवंबर में हुई थी। इसके बाद से वह नहीं आईं हैं। इधर, ब्लॉक सहपऊ में तैनात नमित भारती भी करीब तीन माह से नहीं आ रहीं हैं। इनके द्वारा अवकाश संबंधी कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है। दोनों मिशन प्रबंधकों को दो-दो नोटिस जारी किए जा चुके हैं। नोटिसों के जवाब न आने की स्थिति में शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है। अब जल्द ही इन पदों पर नई भर्ती की जाएगी।
राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों द्वारा की जाने वाली गतिविधियों की मॉनीटरिंग किए जाने के लिए ब्लॉकों पर ब्लॉक मिशन प्रबंधक की तैनाती की गई है। इन ब्लॉक मिशन प्रबंधकों के जरिए शासन से जारी धनराशि के व्यय के सापेक्ष होने वाले कार्यों की निगरानी कराई जाती है। स्वयं सहायता समूहों को तैयार कर स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जाता है। जिले में 49 पद स्वीकृत हैं, वर्तमान में 15 पदों पर तैनाती है। इनमें से दो पदों पर लंबे समय ब्लाॅक मिशन प्रबंधक के गैरहाजिर होने के चलते 13 ब्लॉक मिशन प्रबंधकों से कार्य लिया जा रहा है।
बयान
दोनों ब्लॉक मिशन प्रबंधकों को नोटिस जारी किए गए हैं। कई महीनों से गायब चल रहे हैं। शासन को भी रिपोर्ट भेज दी गई है। जल्द ही नई भर्ती की जाएगी।
प्रेमनाथ यादव, डीडीओ