हाथरस के सादाबाद जलेसर मार्ग पर दो बाइक आपस में टकरा गईं और एक अन्य बाइक गोवंश से टकरा गई। दोनों हादसों में दो लोग घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाथरस के सादाबाद जलेसर मार्ग पर 18 फरवरी दोपहर तीन बजे दो बाइक आपस में टकरा गई । दोनों के मध्य हुई टक्कर एक बाइक सवार घायल हो गया। जबकि दूसरा अपनी बाइक लेकर घटनास्थल से भाग गया ।
विज्ञापन
गांव महरारा निवासी श्याम सुन्दर बाइक से सादाबाद से गांव जा रहा था । अचानक उक्त मार्ग पर गांव थरौरा चौराहा के पास सामने से आ रही बाइक रोड में पड़े गड्ढे को बचाने के प्रयास में उससे टकरा गई । बाइक की टक्कर से वह वहीं पर गिर पड़ा । राहगीरों ने उसे सहपऊ सीएचसी पर भर्ती कराया । सीएचसी पर उसके परिजन भी पहुंच गए । वह उसे इलाज के लिए किसी निजी चिकित्सालय ले गए हैं ।
गोवंश से टकराकर गिरी बाइक , बाइक सवार घायल
17 फरवरी की देर रात सादाबाद-जलेसर मार्ग पर एक बाइक से गोवंश टकरा गया । गोवंश के टकराने से बाइक सवार रोड पर गिर पड़ा और बुरी तरह से घायल हो गया । मौके पर पहुंचे परिजन इलाज के लिए आगरा ले गए। मोहल्ला होलीगेट निवासी देवेन्द्र सिंह रात लगभग 11 बजे बाइक से कस्बा लौट रहा था । जैसे ही उसकी बाइक मढ़ाका के पास स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंची, तो सामने से आ रहे गोवंश से टकरा गई, जिससे वह रोड पर गिर पड़ा । सूचना मिलने पर पुलिस एवं उसके परिजन मौके पर पहुंच गए । वह इलाज के लिए आगरा ले गए। उसके एक पैर की हड्डी टूट गई है।