बीती दो फरवरी को हाथरस जंक्शन के गांव अखईपुर में हुई संजय की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त डंडा व सरिया भी बरामद किया गया है, इन्हें जेल भेजा गया है। इधर गांव में तनाव है, जिसके चलते पुलिस तैनात है।
एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस ने हत्या में शामिल मुख्य आरोपी हरिओम व उसके भाई महेश निवासी अखईपुर को मथुरा-बरेली हाईवे स्थित मिरगामई कट के पास से गिरफ्तार कर लिया। एक लोहे की रॉड व डंडा भी बरामद किया है। इस प्रकरण में इन दोनों के अलावा सोमदत्त, शिवम, विष्णु, गोपाल और गोविंद नामजद हैं। इन पांचों की तलाश की जा रही है।
दो फरवरी सोमवार की शाम गांव में ही संजय उर्फ संजू का रंगदारी दिखाने को लेकर विवाद हो गया था। संजय पर गैंगस्टर एक्ट सहित पांच और रिपोर्ट दर्ज थीं। इनमें मारपीट और अवैध हथियार रखने का आरोप था। रंगदारी के विवाद में ही उसको बेरहमी से पीटा गया था। सिर में डंडा व लोहे की रॉड लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। दूसरे दिन अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। बुधवार को पुलिस की मौजूदगी के बीच अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस से परिजनों की नोकझोंक भी हुई थी। पुलिस ने जल्द ही गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था।