चोरी की बाइकों सहित दो आरोपी गिरफ्तार
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को मिली कामयाबी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सासनी। वाहन चेकिंग के दौरान बुधवार को कोतवाली पुलिस ने दो लोगों को चोरी की दो बाइकों सहित गिरफ्तार किया है। पकडे़ गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को संबंधित न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।
प्रभारी निरीक्षक पहलवान सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब नौ बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति चोरी की मोटर साइकिल बचने के लिए कहीं जाने की फिराक में किला तिराहे पर खड़े हैं। सूचना पर कस्बा चौकी इंचार्ज शांतिशरण यादव एवं विजय सिंह मय हमराह विश्ववीर सिंह और अनुज कुमार के किला तिराहे पर आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग करने लगे।
पुलिस को देखकर आरोपी लौटने लगे। शक होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को दो बाइकों सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ मे पकडे़ गए आरोपियों ने अपना नाम टीटू गौतम पुत्र राजेश कुमार निवासी नगला नाई एवं साजन पुत्र सूरजपाल निवासी लौहर्रा थाना सासनी बताया है। पकडे़ गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने हीरो होंडा स्पलेंडर एवं पेशन प्रो बाइकें भी बरामद की हैं।