गांव गुबरारी, खोंदुआ, नगला टौंटा में आठ दिनों से नलकूपों की बत्ती गुल है। इससे नलकूप बंद पड़े हैं और सिंचाई के अभाव में फसलें सूख रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि 30 अप्रैल की शाम तेज आंधी-बारिश में बिजली के तार और खंभे टूटे थे। इससे तीनों गांवों में नलकूपों की बिजली गुल है। सिंचाई न हो पाने से मूंग, बाजरा, कपास और ज्वार की फसलें सूख रही हैं। विद्युत विभाग ने बिजली आपूर्ति सुचारू करने के लिए अभी तक कोई गंभीर कदम नहीं उठाया है।
किसान चंद्रपाल, देवेंद्र, रामवीर, जगबीर ने कहा कि एक सप्ताह से अधिक का समय बीत गया है, लेकिन बिजली की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। कहा कि अविलंब बिजली की आपूर्ति सुचारू कराई जाए ताकि अपनी फसलों को नुकसान से बचा सकें।
विद्युत विभाग के अवर अभियंता देवेंद्र कुमार ने बताया कि 30 अप्रैल की शाम तेज आंधी-बारिश के कारण विद्युत उपकेंद्र खुटीपुरी और बामोली से जुड़ी नलकूपों की लाइन के 46 खंभे टूट गए थे। नए खंभे आ गए हैं। जल्द ही उन्हें लगवाकर आपूर्ति सुचारू कराई जाएगी।