रोरावर क्षेत्र के खेरेश्वर चौराहे पर शुक्रवार की देर रात एक ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। कार से टकराता हुआ ट्रक चौराहे पर लगे पुलिस बूथ को रौंदता हुआ सड़क किनारे खाई में पलट गया।
खुर्जा निवासी खालिद पत्नी खालिदा, बेटी फरीन, इकरा व रमसा के साथ अलीगढ़ शहर में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। शुक्रवार रात करीब 12 बजे वह कार से खुर्जा लौट रहे थे। उन्होंने नादा चौराहे की तरफ से अपनी कार को दिल्ली-कानपुर हाइवे पर चढ़ाया। इस बीच दिल्ली की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक कार को टक्कर मारता हुआ खेरेश्वर चौराहे पर रखे पुलिस बूथ को रौंदता हुआ खाई में पलट गया।
हादसे के वक्त बूथ में कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। चौराहे पर खड़े पुलिसकर्मियों ने घायल कार सवारों को अस्पताल में भर्ती कराया है। ट्रक चालक पवन निवासी अवागढ़ एटा को हिरासत में ले लिया है। हादसे में उसके साथी गुलशन को भी गंभीर चोट आई हैं। चालक ने बताया कि वह ट्रक में रुड़की से पंखे लेकर एटा जा रहे थे। हादसे में खालिद और इकरा की हालत गंभीर बनी हुई है।