सड़क दुर्घटना के बाद एकत्र भीड़
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस में आगरा बाईपास पर महाशय एजेंसी के निकट हुए सड़क हादसे में मासूम सहित कार सवार चार लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि घायलों को कार से काटकर बाहर निकाला गया। सीओ गोपाल सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों की मदद की। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस का खूब साथ निभाया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार दिया गया।
नगला गिरधारी कुरसंडा के रहने वाले योगेश पुत्र श्याम बाबू, पत्नी रेखा, पुत्री माही और विष्णु पुत्र चंद्रपाल सिंह के साथ कार में सवार होकर गांव से अवागढ़ के लिए निकले थे। आगरा बाईपास पर महाशय एजेंसी के निकट ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में कार को टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने फिर से कार को टक्कर मार दी। कार ट्रक और पोल के बीच में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
सिक्योरिटी सिस्टम के चलते दुर्घटना के तुरंत बाद कार पूरी तरह लॉक हो गई। मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। तत्काल सीओ गोपाल सिंह दलबल सहित मौके पर पहुंच गए। घायलों को निकालने का प्रयास शुरू किया गया। मौके पर चीख-पुकार मच रही थी। कार सवारों को निकालने में जब सफलता नहीं मिली, तो स्थानीय लोगों ने आनन-फानन कार को पूरी तरह से काट दिया।
इसके बाद एक-एक करके कार सवारों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में चारों सवार घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। एसडीएम संजय कुमार, सीओ गोपाल सिंह सीएचसी पहुंच गए। सीओ ने घायलों की खुद मदद की। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के चलते चिकित्सकों ने भी उपचार में तत्परता दिखाई।