जिले में यानी 19 जुलाई को 23 क्लस्टरों पर नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों को ककहरा पढ़ाया जाएगा। कोरोना महामारी को देखते हुए एक क्लस्टर पर 20 ग्राम प्रधानों को ही प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसे लेकर पंचायती राज विभाग की ओर से ग्राम पंचायत सचिवों को नामित कर दिया गया है।
ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के लिए अब पंचायती राज विभाग की ओर से पहल शुरू कर दी गई है। जिले में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को प्रधानी की पाठशाला में अधिकारों के बारे में जानकारी दी जाएगी। पंचायती राज विभाग की ओर से ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण दिए जाने के लिए कोरोना महामारी के चलते 23 क्लस्टर बनाए गए हैं। इन क्लस्टरों पर 20-20 ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस दौरान ग्राम प्रधानों को ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों को कराने के लिए अपनाए जाने वाले तरीकों, शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन आदि के बारे में जानकारी दी जाएगी। पंचायती राज विभाग की ओर से प्रशिक्षण को लेकर अफसरों को नामित कर दिया गया है। यह अफसर इस प्रशिक्षण की वीडियोग्राफी भी कराएंगे।