शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर मथुरा रोड पर सोनई और राया के बीच गांव पिरसुआ के निकट दो कैंटर आपस में भिड़ गए और भिड़ंत के बाद एक कैंटर रेलवे ट्रैक पर आ गया। इस दौरान मथुरा की ओर जा रही रामनगर ब्रांदा एक्सप्रेस ट्रैक पर खड़े कैंटर से जा टकराई, लेकिन चालक की सूझबूझ से एक बडा हादसा टल गया। दुर्घटना से ट्रेन का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे मथुरा-कासगंज रेलवे ट्रैक करीब तीन घंटे तक बाधित रहा।
शनिवार को मथुरा-कासगंज रेलवे ट्रैक काफी व्यस्त रहता है। रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस के अलावा कई साप्ताहिक ट्रेनें इस दिन ट्रैक से गुजरती हैं। राया से अलीगढ़ मार्ग पर छह किलोमीटर तक कासगंज रेल लाइन बिल्कुल सड़क के बगल से गुजर रही है। शुक्रवार की रात को राया के गांव पिरसुआ के निकट दो ट्रकों की हुई टक्कर के दौरान गार्डर लदा एक ट्रक बेकाबू होकर रेल लाइन पर चढ़ गया।
रात को करीब 12:45 बजे हाथरस की ओर से आई रामनगर बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन के चालक ने जब लाइन पर ट्रक खड़ा देखा तो इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक गाड़ी का इंजन ट्रक से टकरा गया। ट्रक से टकराने पर ट्रेन के इंजन के चालक साइड के हैंडिल, कैटिल गार्ड और दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रेन को बेहद धीमी गति से राया स्टेशन ले जाया गया और फिर मथुरा कैंट स्टेशन पर ले जाकर खड़ा किया गया। यहां इंजन को बदलकर दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
हादसे के बाद ट्रैक प्रभावित होने से कारण कुछ ट्रेनें लेट हुईं जिनमें छपरा एक्सप्रेस, जयपुर-लखनऊ एक्सप्रेस आदि शामिल रहीं। मथुरा कैंट स्थित आरपीएफ थाने के निरीक्षक केके सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार के मुताबिक दो कैंटरों में से एक पर हरियाणा का नंबर है। एक कैंटर में गार्डर लदे हुए हैं, जबकि दूसरा पूरी तरह से पैक है। अज्ञात चालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह का कहना है कि बड़ा हादसा होने से बच गया। इंजन को रिप्लेस कर ट्रेन को आगे रवाना किया गया।