हाथरस। शहर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन को अब तालाब चौराहे पर बने ओवरब्रिज का चौड़ीकरण कराने की जरूरत महसूस हो रही है। डीएम के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए सर्वे शुरू कर दिया है। जल्द ही इसके चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन और पूर्वाेत्तर रेलवे को भेजा जाएगा।
ओवरब्रिज वर्तमान में वाहनों के बढ़ते दबाव के चलते संकरा साबित हो रहा है, जिससे आए दिन इस पर जाम की स्थिति बन जाती है। खासतौर पर व्यस्त समय में यहां वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रशासन ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए ही ओवरब्रिज के चौड़ीकरण की योजना बनाई है।
लोक निर्माण विभाग की टीम सर्वे के दौरान ओवरब्रिज से गुजरने वाले वाहनों की संख्या, नजदीकी रेलवे फाटकों से आने-जाने वाले ट्रैफिक का दबाव, ओवरब्रिज के दोनों ओर उपलब्ध भूमि की चौड़ाई और आसपास के क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का आकलन कर रही है। सर्वे रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे रेलवे को भी भेजा जाएगा, क्योंकि ओवरब्रिज का बीच का हिस्सा रेलवे की सीमा में है और इसके चौड़ीकरण के लिए रेलवे की अनुमति भी आवश्यक होगी।
रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी। गौरतलब है कि पिछले दिनों ओवरब्रिज पर लगे जाम में डीएम और एसपी का काफिला फंस गया था, जिसके बाद प्रशासन को ओवरब्रिज के चौड़ीकरण की जरूरत महसूस हुई है। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि शहर में जाम की समस्या को देखते हुए ओवरब्रिज के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। इसके लिए सर्वे कराया जा रहा है। संवाद
एक फाटक खराब होते ही लग जाता है जाम
शहर में रेलवे ट्रैक को पार करने के लिए कुल तीन फाटक हैं। इनमें बागला कॉलेज रोड, बिजली कॉटन मिल और इगलास रोड फाटक अहम हैं। इनमें से किसी एक के भी खराब होने पर शहर के तालाब चौराहा ओवरब्रिज पर वाहनों का जमावड़ा लग जाता है। संकरा होने के कारण ओवरब्रिज पर वाहन आपस में उलझ जाते हैं।
सर्विस रोड पर मोड़ते समय उलझते हैं वाहन
ओवरब्रिज के संकरा होने और ढलान पर गोल चक्कर न होने के कारण सर्विस रोड पर मोड़ते समय भी वाहन आपस में वाहन उलझते हैं। मेन रोड से सर्विस रोड पर वाहनों का आना काफी मुश्किल हो जाता है।
खास बातें
1.48 लाख वाहन हर रोज गुजरते हैं बिजली कॉटन मिल फाटक संख्या 307सी से।
3.62 लाख वाहन हर रोज गुजरते हैं बागला कॉलेज रोड फाटक संख्या 308सी से।
3.52 लाख वाहन हर रोज गुजरते हैं इगलास रोड फाटक संख्या 310सी से।