हाजीपुर रेल ओवरब्रिज से नीचे सर्विस लेन पर गिरा ट्रैक्टर। संवाद
- फोटो : Samvad
कोतवाली हाथरस जंक्शन में कैलोरा-जलेसर मार्ग स्थित हाजीपुर पुल पर मंगलवार की दोपहर बारिश के दौरान ईंटों से लदा ट्रैक्टर साइकिल सवार किसान पर पलट गया। ट्रॉली के नीचे दबने से किसान की मौैके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक व मजदूर ट्रैक्टर छोड़कर भाग गए।
राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्राली को हटवाया और किसान के शव को निकालकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। मृतक की शिनाख्त गांव पुन्नेर के शिशुपाल सिंह (50) के रूप में हुई। शिशुपाल फिलहाल परिवार के साथ देवीनगर हाथरस जंक्शन में रहते हैं। मंगलवार की सुबह वे खेत पर गए थे तथा वहां से देवीनगर लौट रहे थे। साइकिल पर टिफिन भी बंधा हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर जलेसर की ओर से आ रहा था। उस समय तेज बारिश हो रही थी। पुल पर चढ़ते समय ट्रैक्टर शिशुपाल के बगल से गुजरा। क्षमता से अधिक भार के कारण ट्रैक्टर का अगला हिस्सा उठ गया और बैक होने लगा। नियंत्रण करने के प्रयास में ट्रैक्टर पुल से नीचे सर्विस लेन पर पलट गया। शिशुपाल भी ट्रॉली के नीचे आ गए और सिर कुचलने से उनकी वहीं मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।