निरीक्षण करते राजकीय हाईस्कूल बघना के प्रधानाचार्य।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। यूपी बोर्ड परीक्षा का कल से श्रीगणेश होगा। नकल विहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा कराए जाने की तैयारी में माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा महकमा जुटा है। वहीं परीक्षा केंद्रों पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात किए जाने की व्यवस्था की गई है। आठ अतिसंवेदनशील और 18 अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो-दो सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर लगाए गए हैं।
इस बार की यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिलेभर में 98 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिन पर 53 हजार 593 विद्यार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें हाईस्कूल के 27 हजार 587 और इंटरमीडिएट के 26 हजार छह विद्यार्थी शामिल हैं। एक बात तो बिल्कुल साफ है कि इस बार की परीक्षा में नकल रोकने के काफी कड़े इंतजाम किए गए हैं। हर परीक्षार्थी पर शासन से लेकर मंडल और जनपद स्तर पर ऑनलाइन नजर रखी जाएगी। इसके लिए कन्ट्रोल रूम में लगे लैपटॉपों की निगरानी के लिए ड्यूटी लगाई गई है। वहीं 59 परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और बाह्य केंद्र व्यवस्थापकों को लगाया गया है।
जिलेभर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों को चार जोन और 18 सेक्टरों में बांटा गया है। वहीं छह सचल दल परीक्षा के दौरान केंद्रों का भ्रमण करेंगे। प्रत्येक जोन के लिए पुलिस की ओर से एक एक सीओ लगाए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि कोई भी परीक्षा में व्यवधान पैदा न कर सके। करीब 2500 कक्ष निरीक्षक लगाए गए हैं।