हाथरस। गर्मियों शुरू होने से पहले ही टीटीजेड में आने वाले कस्बोें और ग्रामीण क्षेत्र में बिजली के लिए हाहाकार मचना शुरू हो गया है। तीन दिन से रोजाना शाम को तीन से चार घंटे की कटौती से लोग बेहाल हो गए हैं। लोगों को यह कटौती बिल्कुल रास नहीं आ रही। इस कटौती से बोर्ड परीक्षार्थियों की तैयारियां भी प्रभावित हो रही हैं। परीक्षार्थियों में भी कटौती को लेकर काफी रोष बना हुआ है।
मुरादाबाद कंट्रोल रूम ने टीटीजेड में आने वाले सादाबाद, सहपऊ, मुरसान आदि क्षेत्रों में शाम को 8 से रात 11 बजे तक विद्युत कटौती कराना शुरू कर दिया है। तीन दिन से जारी इस क्रम से लोगों में बेहद आक्रोश बना हुआ है। शाम के समय बिजली गुल होने से बाजारों की रौनक छिन रही है, जिससे व्यापारियों में भी असुरक्षा का माहौल बन रहा है। तो वहीं मंदिरों में पूजा-पाठ के समय काफी दिक्कतें आ रही हैं। सबसे अधिक परेशानी बोर्ड परीक्षार्थियों को भुगतनी पड़ रही है। शासन के बोर्ड परीक्षाओं के दौरान शाम को कटौती न किए जाने के निर्देशों की भी धज्जियां उडा़ई जा रही हैं। शुक्रवार को भी सहपऊ, सादाबाद और मुरसान में तीन घंटे के लिए अंधेरे में डूबे रहे। लोगों में काफी आक्रोश रहा। एसडीओ ट्रांसमिशन वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कंट्रोल के आदेश पर ही कटौती की जा रही है।