राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर निकलते परीक्षार्थी। संवा
- फोटो : Samvad
सीबीएसई की हाईस्कूल की गणित विषय की परीक्षा सोमवार को जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। लंबी गणना वाले प्रश्नों को हल करने के लिए विद्यार्थियों को समय की कमी महसूस हुई।
हाईस्कूल की परीक्षा में कुल 1273 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 25 अनुपस्थित रहे, जबकि 1248 ने परीक्षा दी। परीक्षा समाप्त होने के बाद कई परीक्षार्थियों का कहना था कि प्रश्नपत्र सामान्य था, लेकिन कुछ प्रश्नों में लंबी गणना होने के कारण समय कम पड़ गया।
इस कारण कुछ प्रश्नों के उत्तर को दोबारा जांचा नहीं जा सका। इससे इन प्रश्नों के उत्तर के गलत होने की आशंका सता रही है। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ लगी रही और छात्र-छात्राएं एक-दूसरे से प्रश्नों पर चर्चा करते नजर आए।
पेपर का स्तर ठीक था, लेकिन सेक्शन-सी के कुछ प्रश्न हल करने में ज्यादा समय लग गया। इनके उत्तर काफी लंबे थे।
-कृतिका चौहान।
अधिकांश प्रश्न एनसीईआरटी आधारित थे, इसलिए तैयारी करने वालों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई। पेपर अच्छा रहेगा।
-प्रियांशु।
पेपर थोड़ा लंबा था। इस कारण अंतिम प्रश्नों को जल्दबाजी में हल करना पड़ा। उत्तर पर संशय हो रहा है।
-वैभव।
यदि थोड़ा और समय मिलता तो पेपर और अच्छे से पूरा हो सकता था। पेपर लंबा था, समय की कमी रही।
-प्रिंस।